फर्रुखाबाद , मई 25 -- उत्तर प्रदेश के ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने सोमवार को दावा किया कि योगी आदित्यनाथ सरकार ने पिछली सरकारों की तुलना में प्रदेश में बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और 45 से 50 डिग्री सेल्सियस तापमान के बावजूद प्रदेश में बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के प्रयास लगातार जारी हैं। ऊर्जा राज्य मंत्री शहर क्षेत्र के सीमा बघार नाला, नगला कलार के समीप एक कोल्ड ड्रिंक फैक्ट्री के उद्घाटन समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऊर्जा की कोई कमी नहीं है और सरकार हर वर्ग को बेहतर बिजली सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

श्री राजपूत ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई हालिया बैठक में ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर की प्रीपेड व्यवस्था को समाप्त कर उसे पोस्टपेड प्रणाली में बदलने का ऐतिहासिक फैसला लिया गया है, जिससे गरीब और आम उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहले जो व्यवस्था लागू थी, उसी को पुनः बहाल किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता का बिजली बिल गलत पाया जाता है तो उसकी जांच कर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सरकार जनता को हर संभव राहत देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

राज्य मंत्री ने राजनीतिक मुद्दों पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि आगामी चुनावी वर्ष में भाजपा एक बार फिर सुशासन, सुरक्षा और विकास के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाएगी। उन्होंने दावा किया कि हर वर्ग के लोग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार से संतुष्ट हैं।

कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित ने किया। इस अवसर पर सांसद मुकेश राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. भूदेव सिंह राजपूत, जिला महामंत्री गोपाल राठौर, ब्लॉक प्रमुख डॉ. पल्लव सोमवंशी, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राहुल राजपूत समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित