लखनऊ , जून 27 -- भीषण गर्मी,उमस और लू का सामना कर रहे उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है, जबकि इसके बाद तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान अगले दो दिनों तक लगभग स्थिर रहेगा और उसके बाद इसमें 5 से 7 डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना है। मौसम केंद्र द्वारा शनिवार शाम जारी हीट वेव बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान लखनऊ, बाराबंकी, लखीमपुर खीरी, वाराणसी, बलिया, बहराइच, प्रयागराज, बांदा, सुल्तानपुर, गाजीपुर, बरेली, शाहजहांपुर और अलीगढ़ सहित कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया। हरदोई, कानपुर, झांसी, उरई, हमीरपुर, मेरठ और आगरा समेत कई अन्य जिलों में भी तापमान सामान्य से ऊपर रहा।

बुलेटिन के अनुसार शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के लखनऊ, बाराबंकी, लखीमपुर खीरी, गोरखपुर, वाराणसी, बलिया, बहराइच, प्रयागराज, बांदा, सुल्तानपुर, गाजीपुर और फतेहगढ़ तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बरेली, शाहजहांपुर और अलीगढ़ में लू की स्थिति दर्ज की गई। फतेहगढ़ और लखीमपुर खीरी में गर्म रात (वार्म नाइट) की स्थिति भी बनी रही।

दोपहर 2:30 बजे आगरा का तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सर्वाधिक रहा। इसके बाद वाराणसी (बीएचयू) में 41.6 डिग्री, सुल्तानपुर में 41.3 डिग्री, लखनऊ एयरपोर्ट और झांसी में 41.0 डिग्री, जबकि प्रयागराज और बरेली में 40.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने बताया कि आगरा, फिरोजाबाद, हाथरस, मथुरा, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, चंदौली, अयोध्या, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती और महाराजगंज में ताप सूचकांक (हीट इंडेक्स) 50 से 60 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, अमेठी, जौनपुर, आजमगढ़, सोनभद्र, रायबरेली सहित अनेक जिलों में यह 40 से 50 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

28 और 29 जून को प्रदेश के कई जिलों में लू तथा कुछ जिलों में भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, गोंडा और बलरामपुर सहित कई जिलों में भीषण लू चलने की संभावना जताई गई है। वहीं प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर, हरदोई, लखनऊ, कानपुर, आगरा, अलीगढ़, बरेली, झांसी, मथुरा, फिरोजाबाद और अन्य अनेक जिलों में लू चलने का पूर्वानुमान है। 30 जून तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लू का असर बने रहने की संभावना है, जबकि दो जुलाई से राहत मिलने के संकेत हैं।

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 11 बजे से तीन बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थों का सेवन करने, हल्के सूती वस्त्र पहनने तथा धूप में निकलते समय सिर को ढंककर रखने की सलाह दी है। किसानों को फसलों में नियमित सिंचाई जारी रखने तथा श्रमिकों को तेज धूप से बचाव के उपाय अपनाने की भी सलाह दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित