लखनऊ , अक्टूबर 14 -- उत्तर प्रदेश में चीनी की कमी नहीं है और त्योहारों के दौरान भी इसकी पर्याप्त उपलब्धता बनी रहेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को विभागीय अधिकारियों से चीनी के स्टॉक की जानकारी लेने के बाद आम उपभोक्ताओं से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।

चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग के अनुसार, प्रदेश में वर्तमान में 70.64 लाख कुंतल चीनी उपलब्ध है। विभाग के मुताबिक, सहकारी चीनी मिलों के पास 13.40 लाख कुंतल, निगम की चीनी मिलों के पास 2.93 लाख कुंतल और निजी क्षेत्र की चीनी मिलों के पास 54.3 लाख कुंतल से अधिक चीनी का स्टॉक है।

इसके अलावा, अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से चीनी मिलों का संचालन शुरू होने की संभावना है। इससे नवंबर में पेराई सत्र 2026-27 के तहत उत्पादित नई चीनी भी बाजार में उपलब्ध होने लगेगी। चीनी की उपलब्धता सुनिश्चित करने और कीमतों पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। केंद्र सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के सचिव ने मंगलवार को समीक्षा बैठक में चीनी की कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण रखने और देशभर में इसकी सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।

इसके बाद बुधवार को गन्ना आयुक्त मिनिस्ती एस ने क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ बैठक कर चीनी के स्टॉक का भौतिक सत्यापन करने और बाजार में कीमतों की लगातार निगरानी के निर्देश दिए।

गन्ना आयुक्त ने सभी जिलाधिकारियों को पत्र लिखकर चीनी मिलों से बाजार में होने वाली निकासी, उपलब्धता तथा एक्स-मिल, थोक और खुदरा कीमतों पर नजर रखने का अनुरोध किया है। इसके लिए विशेष विभागीय टीमें गठित कर सत्यापन और आवश्यक प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

विभाग का कहना है कि त्योहारों के दौरान चीनी की आपूर्ति सुचारु बनाए रखने और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी से बचाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित