नोएडा , अक्टूबर 14 -- उत्तर प्रदेश में सेंट्रल नोएडा फेस दो थाना पुलिस ने याकूबपुर गांव में हुई महिला की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए वांछित महिला अभियुक्त को बुधवार को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आज बताया कि पांच अक्टूबर को फेस दो थाना को पीआरवी कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि याकूबपुर गांव में एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान मृतका की पहचान मनीषा निवासी जनपद कासगंज के रूप में हुई। इसके बाद मकान के केयरटेकर की तहरीर के आधार पर फेस दो थाना में (बीएनएस) की धारा 105 में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस द्वारा मामले की जांच के दौरान मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से संदिग्ध महिला के बारे में जानकारी जुटाई गई। इसके बाद पुलिस ने शीला कुमारी (24) पत्नी नितिन को सेक्टर-88 स्थित बीपीएल कट के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में शीला ने बताया कि उसकी शादी 20 अप्रैल 2025 को नितिन पुत्र मुकेश के साथ हुई थी। उसके पति के मनीषा के साथ प्रेम संबंध थे। पति के कहने पर वह मनीषा के साथ एक ही कमरे में रहने लगी थी। शीला, मनीषा के साथ रहने और पति के उससे संबंध होने के कारण उसके मन में ईर्ष्या की भावना पैदा हो गई थी।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चार अक्टूबर को उसका पति अपनी गाड़ी लेकर आरटीओ कार्यालय, कासगंज गया था। पति के घर से जाने के बाद उसके मन में मनीषा को रास्ते से हटाने का विचार आया। इसके अगले दिन पांच अक्टूबर को उसने कथित तौर पर मनीषा का गला दबाकर हत्या कर दी और घटनास्थल से फरार हो गई।
गिरफ्तार शीला कुमारी मूल रूप से नगला सहजन, पोस्ट नरथर, थाना पटियाली, जनपद कासगंज की निवासी है और वर्तमान में ग्राम याकूबपुर, थाना फेस-दो में रह रही थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित