नयी दिल्ली , जनवरी 14 -- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा-2023 पेपर लीक मामले में कथित मास्टरमाइंड राजीव नयन मिश्रा सहित 18 आरोपियों के खिलाफ लखनऊ की एक अदालत में पूरक आरोप पत्र दाखिल किया।

यह आरोप पत्र लखनऊ स्थित धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की विशेष अदालत के समक्ष पेश किया गया। ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग की यह जांच उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (यूपी एसटीएफ) की दर्ज शुरुआती प्राथमिकी के आधार पर शुरू की थी। जांच के दौरान इस मामले से जुड़ी पांच अन्य प्राथमिकियों को भी इसमें शामिल किया गया।

इनके अनुसार, आरोपियों ने उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा-2023 और उत्तर प्रदेश समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (आरओ/एआरओ) परीक्षा-2023 के प्रश्नपत्र लीक करने की साजिश रची थी। आरोप है कि लीक हुए प्रश्नपत्रों को आर्थिक लाभ के लिए उम्मीदवारों को बेचा गया, ताकि वे परीक्षा से पहले उत्तर याद कर सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित