गाजियाबाद , सितंबर 12 -- उत्तर प्रदेश में जनपद गाजियाबाद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपराध शाखा एवं लिंक रोड थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गाजियाबाद, हरियाणा तथा दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र से चार पहिया वाहन चोरी करने वाले एक अन्तर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश कर दो चोरों को गिरफ्तार किया है।
शनिवार को सहायक पुलिस आयुक्त अपराध अमित सक्सेना ने जानकारी देते हुए बताया कि अपराध नियंत्रण एवं वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अपराध शाखा और लिंक रोड थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा लगातार संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस टीम को वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी गाजियाबाद, हरियाणा तथा दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में चार पहिया वाहनों को चोरी करने की वारदातों में संलिप्त थे।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार कारें बरामद की हैं। इसके अतिरिक्त फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद हुई हैं, जिनका इस्तेमाल चोरी किए गए वाहनों की पहचान छिपाने तथा उन्हें दूसरे स्थानों पर खपाने के लिए किए जाने की आशंका है।
बरामदगी के बाद पुलिस टीम द्वारा सभी वाहनों की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ये कारें किन-किन स्थानों से चोरी की गई थीं और इनका वास्तविक स्वामित्व किसके नाम पर दर्ज है।
गिरफ्तार किए गए आरोपी एक अन्तर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं। गिरोह द्वारा गाजियाबाद के साथ-साथ हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में भी चार पहिया वाहनों को निशाना बनाया जाता था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित