ग्रेटर नोएडा , अक्टूबर 04 -- उत्तर प्रदेश में सेंट्रल नोएडा जोन बिसरख थाना क्षेत्र स्थित गौर सिटी एक के फर्स्ट एवेन्यू में सोमवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि,आज बिसरख थाना पुलिस को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि गौर सिटी-एक के फर्स्ट एवेन्यू में एक युवक तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान पुलकित गौतम पुत्र रोशन लाल, निवासी फर्स्ट एवेन्यू, गौर सिटी-एक, बिसरख थाना, उम्र करीब 26 वर्ष के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित किया और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पुलकित गौतम पिछले काफी समय से डिप्रेशन में चल रहा था। हालांकि युवक तीसरी मंजिल से किन परिस्थितियों में गिरा, इसे लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। घटना के संबंध में उपलब्ध तथ्यों और परिस्थितियों की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित