नोएडा , अक्टूबर 12 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा में मिशन शक्ति अभियान 6.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और अधिकारों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से महिला सशक्तिकरण रैली का आयोजन किया गया।
अपर पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा मनीषा सिंह ने कार्यक्रम संबंधी जानकारी साझा करते हुए बताया कि गौतमबुद्धनगर पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत सेक्टर 51 स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, होशियारपुर गांव, पैदल मार्च निकाला गया। रैली के माध्यम से आमजन को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए समाज में महिलाओं को समान अवसर, सम्मान और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में करीब 500 बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पैदल मार्च का प्रतिनिधित्व पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा सुनीती ने किया। कार्यक्रम का संचालन अपर पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा मनीषा सिंह ने प्रभारी निरीक्षक थाना सेक्टर-49, नोएडा तथा थाना प्रभारी महिला थाना के समन्वय से किया। रैली में पुलिसकर्मियों के साथ विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों और सामाजिक स्तर पर कार्य करने वाले कर्मियों ने भी सहभागिता की। आशा बहुओं, होमगार्ड्स, एएनएम, शिक्षकों और सफाईकर्मियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, अधिकारों, स्वास्थ्य, स्वच्छता और शासन की ओर से संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। बालिकाओं को बताया गया कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न अथवा दुर्व्यवहार की स्थिति में संबंधित पुलिस या सक्षम विभाग से सहायता लेने में संकोच न करें। इसके साथ ही महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूक करते हुए जरूरत पड़ने पर समय से सहायता प्राप्त करने का संदेश दिया गया।
रैली में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के नोएडा जोन के विभिन्न थानों की मिशन शक्ति टीम, स्वयं सिद्धा टीम और एंटी रोमियो टीम ने सक्रिय सहभागिता की। पैदल मार्च के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा सुरक्षा से जुड़े उपायों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के माध्यम से आमजन को भी महिलाओं और बच्चों के हित में संचालित सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
शारदीय नवरात्र के दृष्टिगत आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा का भाव मजबूत करना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना और समाज में महिला सम्मान की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। इस दौरान लोगों से महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई। पुलिस ने आमजन को किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या दुर्व्यवहार की जानकारी तत्काल संबंधित पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।
गौतमबुद्धनगर पुलिस की ओर से मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत विभिन्न विभागों और आमजन के समन्वय से जनजागरूकता एवं सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना और महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के प्रति समाज की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित