नोएडा , सितंबर 30 -- उत्तर प्रदेश में सेंट्रल नोएडा जोन फेस दो थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ की बिक्री और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 41 किलो 400 ग्राम अवैध मादक पदार्थ, बिक्री से प्राप्त 1,800 रुपये नकद और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब आठ लाख रुपये है।

पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि फेस दो थाना की टीम क्षेत्र में जांच कर रही थी। इसी दौरान टीम को शमशान घाट भंगेल के पास गंदे नाले की पटरी पर एक संदिग्ध व्यक्ति के मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी का नाम प्रिन्स कुमार साहू पुत्र बैजू प्रसाद साहू है।

आरोपी मूल रूप से ग्राम फिरोजपुर, थाना महरमा, जनपद गोड्डा, झारखंड का रहने वाला है और वर्तमान में बिसरख थाना क्षेत्र में तिगरी गोल चक्कर के पास किराये के कमरे में रह रहा था। पुलिस ने मौके से गांजा बिक्री से प्राप्त 1,800 रुपये नकद भी बरामद किए। इसके अलावा गांजा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लेकर जब्त कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित