नोएडा , अक्टूबर 01 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा फेस वन थाना पुलिस ने विदेश में नौकरी और बेहतर भविष्य का सपना दिखाकर कनाडा का वर्क वीजा दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गुरुवार को पुलिस ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए दो पुरुषों और एक महिला को गिरफ्तार किया जिनके कब्जे से सात मोबाइल फोन, एक थार कार और पांच ग्राहकों के पासपोर्ट बरामद किए गए हैं। गिरोह ने कनाडा में नौकरी और वीजा दिलाने का झांसा देकर लोगों से रकम वसूलने की योजना बनाई थी।
फेस वन थाना की टीम ने सेक्टर-2 स्थित सी-7 से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली के उत्तम नगर निवासी राहुल कुमार चौहान (31), पंजाब के होशियारपुर निवासी संदीप सिंह (44) और मोहाली निवासी पूजा महाजन (43) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से धोखाधड़ी में इस्तेमाल किए गए सात मोबाइल फोन, दिल्ली नंबर की थार कार और पांच ग्राहकों के पासपोर्ट बरामद किए हैं।
पूछताछ में सामने आया कि सेक्टर-2 स्थित सी-7 के ग्राउंड फ्लोर पर एक एजुकेशन कंसल्टेंसी कंपनी संचालित होती है, जो लोगों को विदेश भेजने का काम करती है। इसी कंपनी के संपर्क में गूगल के माध्यम से अरमान और क्रिस्टन जेनिफर नाम के लोग आए थे। आरोपियों ने कनाडा का वर्क वीजा दिलाने का प्रस्ताव दिया। इसके बाद कंसल्टेंसी कंपनी ने अपने पांच ग्राहकों का विवरण और पासपोर्ट उपलब्ध करा दिए।
क्रिस्टन जेनिफर नाम से संपर्क करने वाली महिला की वास्तविक पहचान पूजा महाजन के रूप में हुई, जबकि अरमान के नाम से बात करने वाला व्यक्ति संदीप सिंह निकला। संदीप सिंह कथित तौर पर 'माई सेकंड लाइन' ऐप के जरिए कनाडा का वर्चुअल फोन नंबर प्रदर्शित करता था। वह खुद को कनाडा में रहने वाला बताकर कंसल्टेंसी कंपनियों से बातचीत करता था, जिससे उसकी बातों पर भरोसा किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित