नोएडा , सितंबर 15 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा के एलिवेटेड रोड पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नोएडा सेक्टर-61 से सेक्टर-18 की ओर जा रहे एलपीजी गैस सिलेंडर से लदे एक ट्रक में अचानक आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना कर दीं।

अग्निशमन अधिकारी द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि, एलपीजी गैस सिलेंडर ले जा रहे ट्रक में आग उसके निचले हिस्से में स्थित केबिन में लगी थी। ट्रक में गैस सिलेंडर लदे होने के कारण घटना की गंभीरता को देखते हुए फायर सर्विस यूनिट ने तत्परता से मोर्चा संभाला। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की।

दमकल विभाग की दो गाड़ियों तथा फायर सर्विस यूनिट की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते ट्रक में लगी आग को पूर्ण रूप से बुझा दिया गया। आग पर काबू पाने के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा गया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

अग्निशमन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आग को नियंत्रित किया और स्थिति को सुरक्षित बनाया। एलपीजी सिलेंडर ले जा रहे वाहन में आग लगने की सूचना के बाद दमकल विभाग की सक्रियता से बड़ी घटना की आशंका को टालने में मदद मिली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित