ग्रेटर नोएडा , सितंबर 26 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा नॉलेज पार्क एक थाना क्षेत्र में ग्लोबल कॉलेज के पास आर्यन रेसीडेंसी हॉस्टल की सड़क किनारे खड़ी एक खाली बस में शुक्रवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। बस में आग लगते ही उसकी ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि घटना के समय बस के अंदर कोई व्यक्ति सवार नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
पुलिस ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि,25 सितंबर की रात्रि नॉलेज पार्क एक थाना क्षेत्र के अंतर्गत आर्यन रेसीडेंसी हॉस्टल की एक बस सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान बस में अचानक आग लगने की सूचना पुलिस और फायर सर्विस को मिली।
सूचना मिलते ही फायर सर्विस यूनिट की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए तीन दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाने का अभियान चलाया गया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया।
आग लगने से बस को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, घटना के दौरान बस में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, इसलिए किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
पुलिस और अग्निशमन विभाग की ओर से आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक स्तर पर आग कैसे लगी, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आग के कारणों का पता लगाया जाएगा और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य पहलुओं की भी जांच की जा सकती है, ताकि आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित