ग्रेटर नोएडा , अक्टूबर 19 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नॉलेज पार्क थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स आगरा जोन की संयुक्त टीम ने दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 920 ग्राम (एमडीएमए) मादक पदार्थ बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्कूटी भी जब्त की गई है। दोनों आरोपियों को सोमवार नॉलेज पार्क दो मेट्रो स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया।
आज ग्रेटर नोएडा पुलिस उपायुक्त श्री श्रवण कुमार सिंह ने संवादाताओं को बताया कि, यह कार्रवाई मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिलने के बाद थाना नॉलेज पार्क पुलिस और आगरा जोन की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो विदेशी नागरिकों को पकड़कर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 920 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ। बरामद मादक पदार्थ की बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यूसुलर और लेलो शर्जाए के रूप में हुई है। युसूलर मूल रूप से घाना का निवासी है और वर्तमान में दिल्ली के महरौली स्थित तालाब लेन में रह रहा था। वहीं, लेलो शर्जाए उज्बेकिस्तान की निवासी है। उसका वर्तमान पता दक्षिणी दिल्ली के छतरपुर एन्क्लेव, फेज-2 और लखनऊ के हजरतगंज क्षेत्र में ओमेक्स न्यू हजरतगंज बताया गया है।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में कथित तौर पर कलिस्टो नाम के एक व्यक्ति का नाम सामने आया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित