ग्रेटर नोएडा , अक्टूबर 02 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के बीटा दो थाना पुलिस ने घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के आरोप में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 11 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और एक अवैध चाकू बरामद किया है। आरोपी की पहचान सारमिन उर्फ शम्भू पुत्र इतवारी निवासी बादशाह कॉलोनी, दादरी थाना के रूप में हुई है।
ग्रेटर नोएडा अपर पुलिस उपायुक्त श्री अभय कुमार मिश्र ने आज कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि,क्षेत्र में लगातार हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करने के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से जांच शुरू की। घटनास्थलों और आसपास के इलाकों में लगे करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके साथ ही सर्विलांस की सहायता से संदिग्ध की पहचान कर उसकी तलाश की गई। आखिरकार पुलिस ने आरोपी को चोरी के आभूषणों के साथ गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी बंद पड़े मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। वह इलाके में घूमकर ऐसे घरों को चिह्नित करता था, जहां ताला लगा होता था। इसके बाद मौका पाकर घरों में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लेता था। आरोपी पर बीटा दो थाना क्षेत्र के अल्फा-1 और अल्फा-2 सेक्टर में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देने का आरोप है।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से तीन नेकलेस, दो मांग टीका और कानों के ऊपर पहनने वाली दो बारीक चेन बरामद की हैं। इसके अलावा दो पाजेब, दो सैम्पल, एक गले का हार, एक हाथ का ब्रेसलेट, बच्चों के चार कड़े और चार बिछुए भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध चाकू भी बरामद किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित