ग्रेटर नोएडा , अक्टूबर 01 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा बादलपुर थाना पुलिस ने अवैध पटाखों की बिक्री और शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध पटाखे, 25 किलोग्राम गंधक, 25 पैकेट पोटाश और दिल्ली राज्य की 25 पव्वे देशी शराब बरामद की है।
पुलिस ने गुरुवार को जानकारी साझा करते हुए बताया कि,गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरेश शर्मा (40) पुत्र नैनदत्त शर्मा निवासी ग्राम खेड़ा धर्मपुरा, थाना बादलपुर के रूप में हुई है। आरोपी को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सहारा कॉलोनी के पास से गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के पास से चार प्लास्टिक के कट्टों में रखे अवैध पटाखे बरामद हुए। इनमें 96 पैकेट माचिस, 95 डिब्बे नाजी बम पटाखे और 20 डिब्बे अनार पटाखे शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने दो प्लास्टिक के कट्टों में रखे 25 किलोग्राम गंधक और 25 पैकेट पोटाश भी बरामद किए। तलाशी के दौरान दिल्ली राज्य की 25 पव्वे देशी शराब भी मिली। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने इस मामले में मु0अ0सं0 300/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 288, विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9(ख) और आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस बरामद पटाखों और अन्य सामग्री के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित