लखनऊ , फरवरी 26 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश को बचाने और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए भाजपा को हराना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में भ्रष्टाचार, अपराध और कमीशनखोरी बढ़ी है तथा हर वर्ग के लोगों के साथ अन्याय हो रहा है।
गुरुवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए सभी कार्यकर्ताओं को सतर्क और जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा। उन्होंने भाजपा की साजिशों से सावधान रहने और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान बड़े पैमाने पर अनियमितताएं की जा रही हैं और कई पात्र मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे हर पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने में मदद करें और इस प्रक्रिया पर नजर रखें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित