पटना , जुलाई 16 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के मुखर और सबसे अनुभवी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेताओं की उपेक्षा की वजह से प्रवक्ता सहित पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है।

श्री तिवारी ने यूनीवार्ता से विशेष बातचीत में कहा कि पिछले एक वर्ष से वह पार्टी में उपेक्षा के शिकार थे और उनकी कोई भी बात शीर्ष नेतृत्व नही सुन रहा था। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेताओं प्रदेश अध्यक्ष मंगली लाल मंडल, पूर्व सांसद जगदानंद सिंह और राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव से अपनी पीड़ा बयान कर चुके हैं,लेकिन किसी ने उनकी बातों पर ध्यान नहीं दिया।

राजद प्रवक्ता श्री तिवारी ने कहा कि उन्होंने एक कार्यकर्ता और प्रवक्ता के रूप में लंबे समय तक राजद की सेवा की है और पार्टी को शीर्ष तक ले जाने में सहयोग दिया हैं, लेकिन पार्टी संगठन में आये नये बदलाव के बाद उनके जैसे समर्पित कार्यकर्ताओं का महत्व बहुत कम हो गया है।

श्री तिवारी ने कहा कि फिलहाल उन्होंने पार्टी के प्रवक्ता का पद छोड़ा है और पार्टी नेतृत्व को अपनी समस्याओं से अवगत कराया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में उनकी समस्याओं का समाधान नहीं आने की स्थिति में वह आगे की रणनीति तय करेगे।

राजद नेता फिलहाल किसी नए दल में जाने की संभावना पर चुप रहे और कहा कि इस सवाल के जवाब ले लिए थोड़ा इंतजार कीजिये।

इस संबंध में राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल ने यूनीवार्ता से ऐसे किसी भी इस्तीफे की जानकारी से इंकार किया। उन्होंने कहा कि आज पार्टी दफ्तर में उनकी श्री तिवारी से मुलाकात हुई और शिष्टाचार बात हुई थी, लेकिन उन्हें अभी तक इस्तीफे का कोई पत्र नहीं सौंपा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित