पुणे , सितंबर 4 -- उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन महाराष्ट्र के पुणे में कला, संस्कृति के मशहूर उत्सव 'पुणे फेस्टिवल' के 38वें संस्करण का उद्घाटन 18 सितंबर को करेंगे।

पुणे फेस्टिवल के अध्यक्ष कृष्णकुमार गोयल ने शुक्रवार को आयोजित संवाददाता सम्ममेलन में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उद्घाटन समारोह में उपराष्ट्रपति के अलावा महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार एवं अन्य गणमान्य लोगों के मौजूद रहने की संभावना है। इस उत्सव की औपचारिक शुरूआत 14 सितंबर से होगी और इसका समापन 25 सितंबर को होगा।

श्री गोयल ने इस मौके पर महोत्सव के नए लोगो का अनावरण भी किया। उन्होंने बताया कि पुणे फेस्टिवल और एलायंस क्लब की संयुक्त पहल से 'अंध मुक्त पुणे' अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत गणेश कला क्रीड़ा रंगमंच, बालगंधर्व रंगमंदिर और यशवंतराव चव्हाण नाट्यगृह में विशेष केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां आम लोगों को नेत्रदान के फॉर्म वितरित किए जाएंगे।

यह 38वां पुणे फेस्टिवल इसके संस्थापक-अध्यक्ष और पुणे के पूर्व सांसद सुरेश कलमाड़ी की स्मृति को समर्पित किया जा रहा है। इस मौके पर उनके योगदान पर आधारित 9 मिनट की एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित