रांची , अक्टूबर 09 -- भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन 10 अक्टूबर को झारखंड के देवघर एक दिवसीय दौरे पर आएंगे। उपराष्ट्रपति बनने के बाद यह उनका बाबा नगरी देवघर का पहला दौरा होगा। इस दौरान वह एम्स देवघर के द्वितीय दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इसके अलावा दर्दमारा स्थित बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट की ओर से आयोजित सेवा संपर्क मेले के समापन समारोह में भी शिरकत करेंगे। उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, उपराष्ट्रपति विशेष विमान से शनिवार सुबह करीब 8 बजे देवघर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वह एम्स देवघर के लिए रवाना होंगे और संस्थान के द्वितीय दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा। उपराष्ट्रपति की मौजूदगी से संस्थान के विद्यार्थियों और प्रबंधन का उत्साह बढ़ने की उम्मीद है।
एम्स देवघर में आयोजित कार्यक्रम के बाद उपराष्ट्रपति दर्दमारा स्थित बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट की ओर से आयोजित दो दिवसीय सेवा संपर्क मेले के समापन समारोह में शामिल होंगे। मेले में सैनिकों के लिए सेवा और संपर्क से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसके साथ ही देश की सैन्य शक्ति को प्रदर्शित करने वाली प्रदर्शनी भी लगाई गई है।
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन पूर्व में झारखंड के राज्यपाल के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उपराष्ट्रपति बनने के बाद उनके देवघर आगमन को लेकर स्थानीय लोगों और प्रशासन में विशेष उत्साह है। उनके दौरे को देखते हुए देवघर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थलों और वापसी के संभावित मार्गों तक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित