नयी दिल्ली/चेन्नई , जुलाई 11 -- उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय, पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, सुपरस्टार रजनीकांत और अभिनेता-राजनेता कमल हासन सहित भारतीय सिनेमा एवं संगीत जगत की तमाम प्रमुख हस्तियों ने शनिवार रात दिग्गज पार्श्व गायिका एस. जानकी (जानकी अम्मा) के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।
उपराष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए शोक व्यक्त करते हुए कहा कि एस जानकी अम्मा की असाधारण और सुरीली आवाज ने छह दशकों से अधिक समय तक भारतीय संगीत को समृद्ध किया और पीढ़ियों को मंत्रमुग्ध किया। शास्त्रीय, भक्ति और लोक संगीत पर उनका समान अधिकार था। उनका निधन संगीत जगत और देश की सांस्कृतिक विरासत के लिए अपूरणीय क्षति है।
श्री विजय ने अपने शोक संदेश में कहा कि जानकी अम्मा ने अपनी अनूठी और सुरीली आवाज से कई पीढ़ियों के दिलों पर राज किया। उनका निधन भारतीय फिल्म उद्योग के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने बहुभाषी गीतों और राष्ट्रीय पुरस्कारों के माध्यम से लोगों की भावनाओं को स्वर दिया, जो हमेशा प्रशंसकों के दिलों में जीवित रहेंगे।
रजनीकांत ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा, "शहद जैसी मीठी आवाज से पीढ़ियों तक लोगों को आनंदित करने वाली जानकी अम्मा की आत्मा को शांति मिले।"कमल हासन ने गहरा दुख प्रकट करते हुए कहा, "उनके गीत हमेशा गूंजते रहेंगे। अब मैं वह प्यार कहां तलाशूंगा, अम्मा?" उन्होंने कहा कि इस क्षति को उनके अनगिनत प्रशंसक गहराई से महसूस करेंगे।
श्री स्टालिन ने कहा कि 'संगीत की कोकिला' के जाने से वे बेहद दुखी हैं। एमएस विश्वनाथन से लेकर अनिरुद्ध तक के साथ हजारों कालजयी गीत गाने वाली जानकी अम्मा का निधन तमिलनाडु सहित पूरे दक्षिण भारत और भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति है।
गीतकार वैरामुथु ने भावुक श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें 'संगीत की कोयल' बताया और कहा कि उनकी आवाज में मातृत्व, प्रेम, करुणा और खुशी समाहित थी। संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर ने भी उन्हें याद करते हुए कहा कि वे जानकी अम्मा के आशीर्वाद को हमेशा याद रखेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित