देहरादून , मई 20 -- उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन , उत्तराखंड के राज्यपाल (सेवानिवृत) लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को वसंत विहार, देहरादून में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री (सेवानिवृत) मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
उपराष्ट्रपति श्री राधाकृष्णन ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि देश के विकास में श्री खंडूरी का योगदान मील के पत्थर के रूप में बना रहेगा। उनके निधन से देश ने एक विशिष्ट सैनिक, सक्षम प्रशासक और असाधारण सत्यनिष्ठ वाले राजनेता को खो दिया है।
उपराष्ट्रपति आज सुबह श्री खंडूरी को श्रद्धांजलि देने उनके बसंत विहार स्थित घर पहुंचे। गत 17 जनवरी को देहरादून आए उप राष्ट्रपति ने यहां आवास पहुंचकर खंडूरी से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना था। इस दौरान उन्होंने लोकसभा में पूर्व सहकर्मी के रूप में अपने संबंधों को याद किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित