श्रीनगर , फरवरी 25 -- उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन की पहली दो दिवसीय जम्मू-कश्मीर यात्रा से पहले पूरे श्रीनगर में सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है।
एक आधिकारिक प्रवक्ता ने जानकारी दी कि उपराष्ट्रपति बुधवार शाम को श्रीनगर पहुंचेंगे और रात्रि निवास के लिए सीधे लोक भवन जायेंगे। वह श्रीनगर में कश्मीर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कश्मीर में अधिकारियों ने व्यापक सुरक्षा उपाय लागू कर दिये हैं, विशेष रूप से हजरतबल में विश्वविद्यालय परिसर के आसपास सतर्कता बढ़ी हुई है। कार्यक्रम के सुचारु और सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गयी है।संवेदनशील क्षेत्रों में सख्त निगरानी रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल तैनात किये गये हैं। घाटी के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों दोनों में सुरक्षा को भी मजबूती प्रदान की गयी है। 24 घंटे गश्त और प्रमुख प्रवेश और निकास केंद्रों पर निगरानी बढ़ा दी गयी है। पिछले कुछ दिनों में सुरक्षा बलों ने रोकथाम उपाय के रूप में श्रीनगर के कुछ हिस्सों में कई संभावित घेरा और तलाशी अभियान (सीएएसओ) चलाये हैं।
अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गयी हैं। यातायात पुलिस ने वीवीआईपी यात्रा के मद्देनजर 26 फरवरी को कई प्रमुख मार्गों पर अस्थायी प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन की घोषणा की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित