पटना, मार्च 13 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आप्त सचिव शैलेंद्र कुमार ओझा ने उनके कार्यालय के दबाव पर एक गैस एजेंसी के गोदाम से एलपीजी सिलेंडर मंगवाने से जुड़े आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद और भ्रामक बताया है।

श्री ओझा ने आज बयान जारी कर कहा कि सोशल मीडिया पर चल रही इस तरह की खबरें निराधार हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यालय में एसडीओ का कोई पद नहीं है। ऐसे में यह दावा कि कार्यालय में कार्यरत एसडीओ ने गैस एजेंसी के गोदाम से एलपीजी सिलेंडर मंगवाया या आपूर्ति के लिए दबाव बनाया पूरी तरह झूठी और भ्रामक है।उन्होंने कहा कि बिना तथ्य के इस तरह की खबरें फैलाना गलत है और इससे भ्रम की स्थिति पैदा होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपमुख्यमंत्री कार्यालय में कार्यरत किसी भी कर्मी ने किसी भी गैस एजेंसी से एलपीजी सिलेंडर नहीं मंगवाया है।

श्रीओझा ने कहा कि सोशल मीडिया पर लगाए जा रहे आरोपों का कोई आधार नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच कराई जाएगी, जिससे सच्चाई सामने आ सके और अफवाह फैलाने वालों की पहचान हो सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपुष्ट और भ्रामक खबरों पर भरोसा न करें तथा किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित