रायपुर , जून 23 -- छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के सुदूर वनांचल एवं बैगा बहुल क्षेत्रों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया तथा विभिन्न ग्राम पंचायतों और आश्रित गांवों के लिए 92.50 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार आज उपमुख्यमंत्री ने केसमर्दा, दलदली, भुरसीपकरी, पीपरखुंटा और चेंदरादादर ग्राम पंचायतों में पहुंचकर जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क, सामुदायिक भवन, देवगुड़ी, आंगनबाड़ी, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों की स्वीकृति प्रदान की।
दौरे के दौरान केसमर्दा, बोदई, गभोड़ा, दलदली, दरई, भुरसीपकरी, अंधरिकछार, चितावर, सुकझर, सलगी, बनगोरा, पीपरखुंटा, हड़ही, बाघमड़ा, साजाटोला, चेंदरादादर, धनवाही, कोयलारी और मुकाम सहित विभिन्न गांवों में सीसी रोड, सामुदायिक भवन, देवगुड़ी, आंगनबाड़ी भवन, बाउंड्रीवाल, हैंडपंप और कुओं के निर्माण संबंधी घोषणाएं की गईं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान और अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। विशेष रूप से वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है, ताकि कोई भी गांव विकास की मुख्यधारा से पीछे न रहे।
उन्होंने कहा कि जनसंपर्क कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को समझना तथा उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना है। सरकार सड़क, पेयजल, शिक्षा, आंगनबाड़ी और सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है।
श्री शर्मा ने दौरे के दौरान बैगा परिवारों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन भी किया और उनसे आत्मीय चर्चा कर उनकी जरूरतों एवं मांगों की जानकारी ली। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों तथा प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित