शाहजहांपुर , जुलाई 23 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद क्षेत्र में बुधवार को उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के काफिले के सामने काले कपड़े लहराकर "वापस जाओ, वापस जाओ" के नारे लगाने के मामले में पुलिस ने चार नामजद समेत नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दीक्षा भंवरे ने गुरुवार को बताया कि क्षेत्र के रौली बोली गांव के पास उपमुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने के दौरान कुछ लोगों ने काले कपड़े लहराते हुए नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने उसकी जांच की।

उन्होंने बताया कि वीडियो की जांच में कुछ लोग लाल टोपी पहनकर काले कपड़े लहराते हुए नारेबाजी करते दिखाई दिए। इसके आधार पर जलालाबाद थाने में तैनात उपनिरीक्षक रीगल कुमार की तहरीर पर अखिलेश यादव, तौसीफ हुसैन, विपिन यादव और पवन यादव को नामजद करते हुए पांच अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार अन्य प्रदर्शनकारियों की पहचान की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं तथा मामले की विवेचना की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित