टिहरी , अगस्त 27 -- राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त को उत्तराखंड पुलिस के उपनिरीक्षक मुकेश शर्मा को द्रोणाचार्य पुरस्कार-2025 से सम्मानित किया जाएगा। कैनोइंग एवं कयाकिंग के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया जा रहा है। श्री शर्मा वर्तमान में पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में तैनात हैं।
जिला सूचना विभाग द्वारा बताया गया कि टिहरी गढ़वाल के ग्राम टिपौउ, खत अठगांव, जौनसार-बावर निवासी श्री शर्मा लंबे समय से जल क्रीड़ा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता खिलाड़ी होने के साथ छह बार भारतीय पुलिस गोल्ड मेडलिस्ट भी रह चुके हैं। वर्तमान में वह अंतरराष्ट्रीय कैनो महासंघ से ओलंपिक तकनीकी अधिकारी (आईटीओ) के रूप में जुड़े हुए हैं। इसके अलावा उत्तराखंड सरकार के जल क्रीड़ा क्षेत्र में मुख्य सलाहकार एवं नोडल अधिकारी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
श्री शर्मा राष्ट्रीय कोच के रूप में देश के शीर्ष खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं। भारतीय कयाकिंग एवं कैनोइंग संघ (आईकेसीए) में वह एथलीटों के मुख्य चयनकर्ता की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। खेल प्रशासन, नीति निर्माण, जमीनी स्तर पर प्रशिक्षण और खेल प्रतिभाओं के विकास में उनके योगदान को भी उल्लेखनीय माना गया है।
खेल के क्षेत्र में योगदान के लिए उन्हें अखिल भारतीय विश्वविद्यालयों की ओर से मानद उपाधि से भी सम्मानित किया जा चुका है। श्री शर्मा को द्रोणाचार्य पुरस्कार मिलना उत्तराखंड पुलिस के साथ ही पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उनका यह सम्मान राज्य के युवा खिलाड़ियों को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित