कानपुर , मार्च 13 -- उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा 14 और 15 मार्च को आयोजित उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों की सहायता के लिए कानपुर नगर में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा ने बताया कि दोनों दिनों में चार पालियों में ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक दिन प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगी। ड्यूटी पर तैनात स्वयंसेवक परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे।
इस व्यवस्था के तहत चीफ वार्डेन राजीव सिंह को समस्त ड्यूटी का प्रभारी बनाया गया है, जबकि डिप्टी चीफ वार्डेन आशीष बाजपेई और स्टाफ ऑफिसर टू चीफ वार्डेन सतीश अरोड़ा को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। ये अधिकारी भ्रमणशील रहकर ड्यूटी पर तैनात स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन करेंगे और व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।
उप नियंत्रक ने सभी स्वयंसेवकों को निर्देश दिया है कि वे परिचय पत्र और एप्रन धारण कर समय से ड्यूटी स्थल पर उपस्थित रहें तथा परीक्षार्थियों को केंद्र तक पहुंचाने में सहयोग करें। साथ ही प्रखंड प्रभारी ड्यूटी पर मौजूद स्वयंसेवकों की उपस्थिति पंजिका में दर्ज कराकर ड्यूटी रजिस्टर 16 मार्च को नागरिक सुरक्षा मुख्यालय फूलबाग में जमा कराना सुनिश्चित करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित