भोपाल , मई 06 -- भोपाल में संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक में प्रदेश में किसानों की उपज खरीदी नहीं होने और समर्थन मूल्य से कम दाम पर फसल बेचने की मजबूरी पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया। मोर्चा ने आरोप लगाया कि किसानों के पंजीयन के समय सर्वर डाउन होने जैसी समस्याएं जानबूझकर पैदा की जा रही हैं।

वरिष्ठ किसान नेता प्रहलाद वैरागी की अध्यक्षता में हुई बैठक में बिना सहमति भूमि अधिग्रहण, पर्याप्त मुआवजा और पुनर्वास की कमी, बिजली क्षेत्र में स्मार्ट मीटर, खाद और डीजल की संभावित कमी जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की गई। मोर्चा ने आरोप लगाया कि कर्जमाफी, खाद आपूर्ति, मूंग की समर्थन मूल्य पर खरीदी और गेहूं के ई-उपार्जन भुगतान जैसे मामलों में सरकार की ओर से स्पष्टता और भरोसा नहीं है।

संयुक्त किसान मोर्चा ने इन मुद्दों को लेकर प्रदेशव्यापी अभियान चलाने और राजधानी में अनिश्चितकालीन आंदोलन की तैयारी का ऐलान किया है। इसके तहत मई माह में संभागीय स्तर पर किसान सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जबकि 7 जून को राजधानी में राज्य स्तरीय कन्वेंशन किया जाएगा, जिसमें आंदोलन के आगामी चरणों की घोषणा की जाएगी।

मोर्चा ने विभिन्न किसान संगठनों को साथ जोड़ने का भी निर्णय लिया है और कहा है कि जो संगठन साझा आंदोलन में भागीदारी के लिए तैयार होंगे, उन्हें साथ लिया जाएगा। बैठक में विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और किसान मुद्दों पर एकजुटता व्यक्त की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित