रायपुर , सितंबर 22 -- छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देवदिल्ली में उपचार कराने के बाद बुधवार को वापस लौटेंगे।
पार्टी से आज जारी संदेश के अनुसार श्री देव दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ निवास से रवाना होकर कल शाम तक रायपुर पहुंचेंगे। स्वास्थ्य लाभ के बाद उनकी वापसी के साथ ही वह प्रदेश भाजपा संगठन की जिम्मेदारी फिर से संभालेंगे। उनकी वापसी को लेकर पार्टी संगठन में तैयारियां भी की जा रही हैं।
उल्लेखनीय है कि श्री देव गत 29 जुलाई को परिवार के साथ बागेश्वर धाम से लौट रहे थे। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के तालबेहट क्षेत्र में झांसी-ललितपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर उनकी इनोवा आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई थी। हादसे में श्री देव गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
दुर्घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए दिल्ली ले जाया गया, जहां मेदांता अस्पताल में उनका ऑपरेशन किया गया। इसके बाद से वह दिल्ली में ही उपचार और स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे।
उपचार के दौरान दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ निवास में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने श्री देव से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित