उन्नाव , जून 20 -- उत्तर प्रदेश में उन्नाव जिले के मुजावर क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार चाचा-भतीजे की मृत्यु हो गई। दोनों राजस्थान से लखनऊ जा रहे थे।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 252 पर गंगा एक्सप्रेसवे इंटरचेंज के निकट एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक डिवाइडर से टकराकर पलट गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

यूपीडा की रेस्क्यू टीम घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान राजस्थान के धौलपुर जिले के कैलाशपुर गांव निवासी शिवा (22) और उसके चाचा गोपाल सिंह (48) के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित