बैतूल , अक्टूबर 07 -- कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देशानुसार जिले में कम वर्षा को देखते हुए नरवाई प्रबंधन के लिए उन्नत कृषि यंत्रों पर अनुदान हेतु ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल पर 03 अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

कृषि अभियांत्रिकी विभाग के सहायक कृषि यंत्री डॉ. प्रमोद मीणा ने बताया कि फर्टिलाइजर ब्रॉडकास्टर के लिए डिमांड ड्राफ्ट राशि 5,500 रुपये, स्वचालित हाई ग्राउंड क्लीयरेंस स्प्रेयर-बूम टाइप के लिए 15 हजार रुपये, रीपर स्वचालित और रीपर ट्रैक्टर चलित के लिए 2,300-2,300 रुपये, शुगरकेन रेटून मैनेजर के लिए पांच हजार रुपये, रिजर के लिए 2,500 रुपये तथा ब्रॉड बेड फरो-प्लांटर के लिए तीन हजार रुपये की डिमांड ड्राफ्ट राशि निर्धारित की गई है। लॉटरी 14 अक्टूबर को होगी।

उन्होंने बताया कि आवेदन के साथ कृषक को स्वयं के बैंक खाते से सहायक कृषि यंत्री बैतूल के नाम से बैंक डिमांड ड्राफ्ट जमा करना अनिवार्य है। डीबीटी के माध्यम से यंत्र क्रय करने के लिए आधार कार्ड, बी-1 खसरा की प्रति, बैंक पासबुक, ट्रैक्टर के पंजीयन की प्रति तथा लागू होने पर जाति प्रमाण पत्र के साथ ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करना होगा।

कृषक संचालनालय कृषि अभियांत्रिकी की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला कार्यालय सहायक कृषि यंत्री बैतूल में संपर्क किया जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित