देहरादून , मई 19 -- उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मंगलवार को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ राजनेता मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
श्री उनियाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि राज्य निर्माण आंदोलन के दौरान देश की संसद में पृथक राज्य उत्तराखंड की आवाज़ को प्रखरता से बुलंद करने से लेकर, बतौर मुख्यमंत्री प्रदेश में सुशासन, पारदर्शिता और विकासपरक नीतियों की सुदृढ़ नींव रखने तक, खंडूरी जी का अद्वितीय योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
उन्होंने कहा कि खंडूरी जी ने अपने राजनीतिक जीवन में सादगी, ईमानदारी और जनसेवा की जो मिसाल प्रस्तुत की, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। उनका निधन उत्तराखंड की राजनीति और सार्वजनिक जीवन के लिए एक बड़ी क्षति है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित