लंदन , सितंबर 27 -- इंग्लैंड में खेली जा रही काउंटी चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों की गेंदबाजी का बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। साउथैम्पटन, टाउंटन और लॉर्ड्स के मैदानों पर जयदेव उनादकट, महिपाल लोमरोर और युजवेंद्र चहल ने अपनी-अपनी टीमों के लिए बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए अहम योगदान दिया, जिसमें उनादकट की ससेक्स जीत दर्ज करने में सफल रही।
क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार जयदेव उनादकट के ऑलराउंड खेल और घातक गेंदबाजी के दम पर ससेक्स ने साउथैम्पटन में हैम्पशायर को 197 रनों से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ससेक्स की टीम 244 रनों पर सिमट गई थी, जिसमें उनादकट ने 35 रनों की उपयोगी पारी खेली थी। इसके बाद उनादकट ने गेंद से क़हर बरपाया और पहली पारी में महज 32 रन देकर पांच विकेट झटकते हुए हैम्पशायर को 128 रनों पर ही ढेर कर दिया। पहली पारी में मिली बढ़त के बाद ससेक्स ने अपनी दूसरी पारी नौ विकेट पर 319 रन बनाकर घोषित की और हैम्पशायर के सामने जीत के लिए 436 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। बड़े लक्ष्य के दबाव में हैम्पशायर की दूसरी पारी भी 238 रनों पर बिखर गई, जिसमें उनादकट ने दो विकेट अपने नाम किए। मुक़ाबले में कुल सात विकेट चटकाकर उनादकट ससेक्स की इस शानदार जीत के सबसे बड़े स्टार रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित