रूद्रपुर , अप्रैल 18 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंहनगर जिले के गूलरभोज-दिनेशपुर में जिला प्रशासन ने शनिवार तड़के तीन धार्मिक संरचनाओं पर बुलडोजर चलवाया। इस दौरान भारी सुरक्षा व्यवस्था रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ये धार्मिक संरचनाएं सिंचाई विभाग की भूमि पर कब्जा करके बनाई गई थीं। तीन माह पूर्व प्रशासन द्वारा सर्वे करने के बाद अतिक्रमणकारियों को भूमि और निर्माण संबंधी दस्तावेज दिखाने के लिए नोटिस जारी किए गए थे।
बताया जा रहा है कि सिंचाई विभाग की ओर से ठंडा नाला क्षेत्र में भी अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किया हुआ है। अवैध कब्जेदारों ने नोटिस के बाद उच्च न्यायालय की शरण ले ली थी जहां से उन्हें राहत नहीं मिल पायी।
इसके बाद वह शीर्ष अदालत से स्थगनादेश ले आए लेकिन अदालत ने धार्मिक संरचनाओं पर कोई स्थगनादेश नहीं दिया। सिंचाई विभाग ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर उन्हें आज तड़के ध्वस्त कर दिया।
जिलाधिकारी (डीएम) नितिन भदौरिया ने बताया कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाने का अभियान राज्य सरकार की प्राथमिकता है। अपर जिलाधिकारी (एडीएम) पंकज उपाध्याय ने पुष्टि करते हुए बताया कि सिंचाई विभाग की भूमि पर अतिक्रमण कर बनाई गई तीन धार्मिक संरचनाओं को हटा कर कब्जा ले लिया गया है। उक्त संरचनाओं के निर्माण के लिए कोई प्रशासनिक अनुमति नहीं ली गई थी और न ही भूमि स्वामित्व संबंधी दस्तावेज कब्जेदारो द्वारा दिखाए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित