जम्मू , अप्रैल 20 -- जम्मू-कश्मीर के उधमपुर ज़िले में सोमवार को एक यात्री बस के गहरी खाई में गिर जाने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
यहाँ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों को ले जा रही एक बस खागोट गाँव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई और खाई में गिर गयी। हादसे के समय बस रामनगर से उधमपुर की ओर जा रही थी।
जम्मू-कश्मीर पुलिस के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) शिव कुमार शर्मा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, स्थानीय लोग और सेना के जवान तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे और बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि 20 यात्रियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
घायलों को सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, उधमपुर में भर्ती कराया गया है, जबकि एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए हवाई मार्ग से जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "उस जगह पर एक बहुत तीखा मोड़ है और हो सकता है कि मोड़ पर गाड़ी घुमाते समय चालक वाहन पर से नियंत्रण खो दिया हो।" उन्होंने बताया कि गाड़ी पैरापेट से टकराने के बाद खाई में गिर गई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी इस दुखद घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में इस दुर्घटना में हुई जान-माल की हानि पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "जम्मू- कश्मीर के उधमपुर में बस दुर्घटना के कारण हुई जान-माल की हानि के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। मैं उन लोगों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूँ जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।"उन्होंने कहा कि इस दुखद दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को पीएमएनआरएफ से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी और घायलों को 50,000-50,000 रुपये दिए जाएंगे।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी उधमपुर के रामनगर में हुए दुखद सड़क हादसे में लोगों की जान जाने पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "उधमपुर में हुआ दुखद सड़क हादसा दिल दहला देने वाला है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ। ईश्वर उन्हें शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ। मैंने ज़िला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया है कि वे प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करें।"मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी रामनगर से उधमपुर जा रही एक यात्री बस के दुर्घटनाग्रस्त होने पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएँ व्यक्त कीं और दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। उन्होंने आश्वासन दिया कि दुख की इस घड़ी में सरकार पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ मज़बूती से खड़ी है, और प्रभावित लोगों को उचित चिकित्सा देखभाल तथा सहायता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक मदद प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री कार्यालय उधमपुर के सरकारी मेडिकल कॉलेज के लगातार संपर्क में है, जहाँ घायलों का इलाज और आवश्यक चिकित्सा देखभाल की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित