भोपाल , मई 15 -- रेल यात्रियों की सुविधा और बढ़ती यात्रा मांग को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे ने उधना और निजामुद्दीन के बीच एक-एक ट्रिप स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस स्पेशल ट्रेन का लाभ भोपाल मंडल के इटारसी और भोपाल स्टेशन के यात्रियों को भी मिलेगा।

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 09121 उधना-निजामुद्दीन स्पेशल ट्रेन 22 मई 2026 शुक्रवार को उधना से शाम छह बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 7:20 बजे इटारसी और सुबह 9:15 बजे भोपाल पहुंचेगी तथा तीसरे दिन रात 12:15 बजे निजामुद्दीन पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09122 निजामुद्दीन-उधना स्पेशल ट्रेन 24 मई 2026 रविवार को रात 9:20 बजे निजामुद्दीन से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 11:30 बजे भोपाल और दोपहर 1:35 बजे इटारसी पहुंचेगी तथा मंगलवार मध्यरात्रि 12:45 बजे उधना पहुंचेगी।

रेलवे के अनुसार यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में नवापुर, चिंचपाड़ा, नंदुरबार, भुसावल जंक्शन, इटारसी जंक्शन, भोपाल जंक्शन, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी और आगरा कैंट स्टेशन पर ठहरेगी। ट्रेन में दो सामान्य श्रेणी और 18 शयनयान श्रेणी सहित कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। रेल प्रशासन ने यात्रियों से ट्रेन के समय, ठहराव और संरचना संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए भारतीय रेलवे पूछताछ पोर्टल देखने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित