नयी दिल्ली , सितंबर 19 -- सड़क यातायात को सुगम और रेलवे परिचालन को बाधा रहित बनाने के लिए रेलवे ने पश्चिम रेलवे के उधना-उकाई सोनगढ़ रेलखंड में समपार संख्या 53 (किलोमीटर 62/2-4 ) के स्थान पर रेल पटरी के ऊपर चार लेन वाले पुल (आरओबी) के निर्माण लिया है।

रेलवे ने इसके लिए 133.23 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी प्रदान की है।

रेलवे ने बताया कि गुजरात में बनने वाले इस पुल में रेलवे और राज्य सरकार की बराबर हिस्सेदारी होगी। रेलवे 66.6147 करोड़ रुपये और राज्य सरकार 66.62 करोड़ रुपये वहन करेगी।

चार लेन वाले इस आरओबी के रेलवे पुल हिस्से में ओपन वेब गर्डर (ओडब्ल्यूजी) का निर्माण किया जाएगा, जिसकी अनुमानित लागत 91.60 करोड़ रुपये है। समपार स्थल पर 62 प्रतिशत तिरछापन (स्क्यू) है, जिससे इसके डिजाइन और निर्माण की जटिलता काफी बढ़ जाती है।

पुल के वायाडक्ट हिस्से की कुल लंबाई 311.58 मीटर होगी, जिसकी अनुमानित लागत 19.98 करोड़ रुपये है। रेलवे एप्रोच (आरई) हिस्से की लंबाई 524.32 मीटर होगी और इसकी अनुमानित लागत 10.25 करोड़ रुपये है।

चार लेन वाले आरओबी के निर्माण से सड़क यातायात को सुगम होगा और रेलवे परिचालन में होने वाला व्यवधान कम होगा। ग्रेड पृथक्करण ढांचा ट्रेनों के सुचारु संचालन में मदद करेगा तथा उधना-उकाई सोनगढ़ खंड में रेल यातायात को अधिक सुरक्षित और प्रभावी बनाने में योगदान देगा। इससे परिचालन दक्षता और विश्वसनीयता में सुधार के माध्यम से यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित