बेतिया , जुलाई 04 -- बिहार में पश्चिम चंपारण के जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि उद्योगों के विकास, निवेश को बढ़ावा देने तथा उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।जिला पदाधिकारी ने शनिवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित उद्यमी संवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि सरकार के निर्देशानुसार जिले में दूसरी बार उद्यमियों के साथ सीधा संवाद आयोजित किया गया है। इसका उद्देश्य केवल समस्याएं सुनना नहीं, बल्कि उनके समयबद्ध समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि उद्योगों के विस्तार से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जिससे जिले की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। उन्होंने उद्यमियों से सरकारी औद्योगिक योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा नियामकीय अनुपालनों का समय पर पालन करने की अपील की।

संवाद के दौरान उद्यमियों ने अरवा चावल की सरकारी खरीद दोबारा शुरू करने, निर्बाध बिजली आपूर्ति, औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क, जल निकासी, फायर एनओसी, भूमि संपरिवर्तन, ऋण उपलब्धता, सुरक्षा, पुलिस गश्त, पार्किंग, ट्रांसफार्मर, बिजली कटौती, लीज डीड तथा एसआईपीबी आवेदनों के त्वरित निस्तारण सहित विभिन्न मुद्दे उठाए।

जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का विभागवार परीक्षण कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिला स्तर की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा तथा राज्य स्तर से जुड़े मामलों को तत्काल अग्रसारित किया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित