देहरादून , फरवरी 25 -- युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी के विरोध में उत्तराखंड युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को देहरादून में प्रदेश उपाध्यक्ष स्वाति नेगी के नेतृत्व में प्रदर्शन किया।

"पीएम इज कॉम्प्रोमाइज्ड" लिखी टीशर्ट पहनकर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने राजपुर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय से पैदल मार्च निकालते हुए एस्ले हॉल चौक पर भाजपा सरकार का पुतला दहन किया।

इस मौके पर सुश्री नेगी ने कहा कि दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान प्रस्तुत एक चीनी रोबोटिक डॉग को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठे विवाद ने भारत की छवि पर प्रश्न चिन्ह लगाए हैं।

गलगोटिया यूनिवर्सिटी की ओर से प्रदर्शित तकनीक को लेकर पारदर्शिता पर उठे सवालों ने पूरे मामले को चर्चा का विषय बनाया है।

उन्होंने कहा कि जब देश आत्मनिर्भरता और तकनीकी नेतृत्व की बात करता है तब ऐसे विवाद भारत की प्रतिष्ठा को प्रभावित करते हैं। इस पूरे मामले पर स्पष्टता और जवाबदेही जरूरी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित