मुरादाबाद , जून 17 -- यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर उदयपुर सिटी-योगनगरी ऋषिकेश के मध्य संचालित स्पेशल गाड़ी संख्या 09609/09610 के संचालन अवधि में विस्तार करने का निर्णय लिया गया है। वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक महेश यादव ने बुधवार को बताया कि उक्त ट्रेन के फेरे बढ़ाए जाने से मण्डल के योगनगरी ऋषिकेश, हरिद्वार और रूड़की स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रीगण अलवर, अजमेर, चित्तोडगढ़, उदयपुर जैसे प्रमुख धार्मिक व पर्यटन स्थलों सहित कई अन्य स्टेशनों का सुगमता से भ्रमण कर सकेंगे।

इस विस्तार योजना के तहत गाड़ी संख्या 09609 उदयपुर सिटी से योगनगरी ऋषिकेश के लिए साप्ताहिक रूप से प्रत्येक मंगलवार को संचालित की जाएगी, जिसकी संचालन विस्तार अवधि 30 जून 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 09610 योगनगरी ऋषिकेश से उदयपुर सिटी के लिए प्रत्येक बुधवार को साप्ताहिक रूप से चलेगी, जिसकी संचालन विस्तार अवधि एक जुलाई 2026 तय की गई है।

यह स्पेशल ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान हरिद्वार, रूड़की, टपरी, रामपुर मनिहारान, शामली, दिल्ली, दिल्ली कैंट, गुड़गाँव, रेवाड़ी, अलवर, राजगढ़, बांदीकुई, दौसा, गांधीनगर जयपुर, जयपुर, फुलेरा, किशनगढ़, अजमेर, नसीराबाद, विजयनगर, मंडल, भीलवाड़ा, चित्तोडगढ़, फतेहनगर, मालवी जंक्शन और राणाप्रताप नगर स्टेशनों पर ठहराव करेगी, जिससे इन क्षेत्रों के रेल यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित