उदयपुर , सितंबर 20 -- राजस्थान की झीलों की नगरी उदयपुर में पॉजिटिव चार्ज संस्थान, टेम्पसन्स और पायरोसन्स के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को "वॉक बाय द लेक-2026" प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
शहर की ऐतिहासिक फतहसागर झील के किनारे स्वयं भू बिंदु से लेकर महाकाल मंदिर तक आयोजित छह किलोमीटर की इस दौड़ में 900 शहरवासियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के विजेताओं को पदक, नकद पुरस्कार, प्रमाणपत्र और पौधे प्रदान किये गये।
संस्थान के निदेशक वीपी राठी ने बताया कि शहर के पर्यावरण संरक्षण और जन-स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दस वर्ष पूर्व कुछ लोगों के साथ इस पहल की शुरुआत की गयी थी। यह आयोजन अब अपने दसवें वर्ष में प्रवेश कर चुका है।
उन्होंने बताया कि महिला वर्ग में भारती पुरोहित प्रथम, रेखा सोलंकी द्वितीय और पिंकी कुमारी मीणा तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं पुरुष वर्ग में पुष्करलाल मीणा प्रथम, जगन्नाथ द्वितीय तथा हिमांशु माली तृतीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले शुरुआती 200 प्रतिभागियों को पदक और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित