उदयपुर , मई 29 -- राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से 31 मई से पांच जून तक आयोजित होने वाली प्राध्यापक, कृषि प्राध्यापक एवं कोच भर्ती परीक्षा - 2025 में उदयपुर जिले में 85 केंद्रों में 27 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में बैठेंगे।

आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक डाॅ अमृता दुहन के निर्देशन में शांतिपूर्ण एवं पारदर्शिता के साथ परीक्षा संपन्न कराने को लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिले में कुल 85 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 37 राजकीय एवं 48 निजी विद्यालय शामिल हैं।

परीक्षा समन्वयक एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) दीपेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि आरपीएससी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 31 मई को पूर्वाह्न 10 बजे से साढ़े 11 बजे तक प्रथम पारी में सामान्य ज्ञान ग्रुप-ए की परीक्षा होगी। इसमें सर्वाधिक 27 हजार 552 अभ्यर्थी शामिल होंगे। दोपहर ढाई से सांय साढ़े पांच बजे तक द्वितीय पारी में हिंदी विषय की परीक्षा होगी, इसमें 12 हजार 216 परीक्षार्थी बैठेंगे।

उन्होंने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए 29 उप समन्वयक, 123 पर्यवेक्षक ऑब्जर्वर एवं प्रत्येक कक्ष में दो-दो निरीक्षक लगाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी के लिए 15 सतर्कता दल भी गठित किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित