उदयपुर , फरवरी 22 -- राजस्थान में उदयपुर जिले में पुलिस ने रविवार को अभियान चलाकर 282 अपराधियों और आपराधिक प्रवृत्ति के बदमाशों को गिरफ्तार किया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव द्वारा संचालित अभियान "ऑपरेशन त्रिनेत्र" के तहत की गई। जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं वृत्ताधिकारियों के नेतृत्व में जिलेभर के थानों से गठित 94 दलों ने एक साथ दबिश और आकस्मिक जांच की।

अभियान के दौरान मादक द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत तीन नए मामले दर्ज किए गए। कार्रवाई में 113.505 किलोग्राम डोडा चूरा, 105 ग्राम गांजा, 240 कोडिन सिरप की शीशियां, एक वाहन जब्त किया गया। इस संबंध में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

इसके अतिरिक्त एनडीपीएस के मामलों में वांछित 34 और आबकारी अधिनियम एवं अन्य मामलों में वांछित 38 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान 19 मामले आबकारी अधिनियम में दर्ज करके 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गए। छह मामले शस्त्र अधिनियम के तहत दर्ज करके छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

अभियान के तहत पुलिस ने 183 बदमाशों को नवीन विधिक प्रावधानों के तहत निरोधात्मक धाराओं में गिरफ्तार किया। साथ ही नौ वांछित कुख्यात बदमाशों को भी पकड़ा गया। अभियान के दौरान 57 आदतन अपराधियों और 36 चालानशुदा अपराधियों से पूछताछ की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित