जयपुर , सितंबर 26 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शनिवार को उदयपुर में पुलिस के विशेष अभियान दल (एसओजी) के अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार सोनी के कथित दलाल सज्जन सिंह को दो करोड़ रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। इस मामले में श्री सोनी को भी हिरासत में ले लिया गया है।

ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी इंटेलीजेंस यूनिट, उदयपुर को एक शिकायत मिली कि उदयपुर नगर निगम के 272 भूखण्ड के बहुचर्चित प्रकरण में पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों को दर्ज मुकदमों में राहत दिलाने, अन्य मामलों में आरोपी नहीं बनाने तथा गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के घर से बरामद ऐसे दस्तावेज, जिन्हें जब्त नहीं किया गया था, को वापस लौटाने की एवज में दो करोड़ रुपये की रिश्वत दलाल सज्जन सिंह जैन उर्फ टाटला के माध्यम से श्री सोनी द्वारा मांगी जा रही थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित