उदयपुर , मार्च 17 -- राजस्थान में उदयपुर में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा देश में ईंधन (पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस) की भारी किल्लत एवं घरेलू गैस सिलेंडर पर 60 रुपए की बढ़ोतरी के विरोध में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पुतले का दहन कर विरोध प्रदर्शन किया।

जिला कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी दिनेश औदिच्य ने बताया कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा रसोई गैस के दामों में बेतहाशा वृद्धि और शादी-समारोहों के सीजन में व्यावसायिक (कॉमर्शियल) सिलेंडर की आपूर्ति ठप होने के कारण आमजन को परेशानियों का सामना कर पड़ रहा है। देहली गेट स्थित शांति एवं आनंदी स्मारक के सामने किये गये विरोध प्रदर्शन में उदयपुर देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने कहा कि जहां संसद में मोदी सरकार कह रही है कि गैस की कोई किल्लत नहीं है वहीं गैस एजेंसियों ने बुकिंग बंद करके सिद्ध कर दिया कि सरकार झूठ बोल रही है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की विफलता के कारण एक ओर घरों का बजट बिगड़ गया है वही आज छोटे व्यापारी और रेस्टोरेंट संचालक बर्बाद हो रहे हैं। व्यवसायिक सिलेंडर न मिलने और उसकी आसमान छूती कीमतों के कारण उदयपुर सहित देश भर के छोटे रेस्टोरेंट, ढाबे और हलवाई की दुकानें बंद होने की कगार पर हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित