उदयपुर , सितंबर 06 -- राजस्थान में उदयपुर नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने रविवार को अपना संकल्प पत्र जारी करते हुए मौजूदा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बोर्ड पर शहर की बुनियादी व्यवस्थाओं को चरमराने का आरोप लगाया है।

प्रदेश कांग्रेस समिति के प्रवक्ता पंकज शर्मा ने कहा कि पूर्व सांसद एवं उदयपुर देहात जिला कांग्रेस समिति के अध्यक्ष रघुवीरसिंह मीणा, शहर जिला अध्यक्ष फतहसिंह राठौड और सांसद प्रत्याशी एवं पूर्व जिला कलक्टर ताराचंद मीणा ने संकल्प पत्र जारी किया। संकल्प पत्र में कहा गया है कि सूक्ष्म स्तर पर योजना के अभाव में उदयपुर, जो मेवाड़ की आन-बान-शान और सांस्कृतिक धरोहर का प्रमुख केंद्र है, वर्तमान में बुनियादी ढांचे, स्वच्छता और शहर की पहचान के संकट से जूझ रहा है।

कांग्रेस ने दावा किया कि वह उदयपुर को वैश्विक मानचित्र पर एक आदर्श, आधुनिक और जन-केंद्रित महानगर के रूप में विकसित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

पार्टी ने भाजपा बोर्ड के कार्यकाल में उपेक्षित रहे ऐतिहासिक रिवरफ्रंट के पुनरुद्धार और शहर की जीवनरेखा कही जाने वाली झीलों के पानी को आधुनिक तकनीक आधारित प्लांटों के जरिए पूरी तरह शुद्ध करने का वायदा किया है। इसके साथ ही उदयपुर के प्राचीन मंदिरों, बावड़ियों, घाटों और ऐतिहासिक स्मारकों के संरक्षण के लिए एक विशेष धरोहर संरक्षण कोष गठित करने, करीब चार हजार वर्ष पुरानी आहाड़ सभ्यता और आयड़ नदी को अतिक्रमण एवं प्रदूषण से मुक्त कराने की घोषणा की गई है। अरावली की पहाड़ियों पर अवैध कटाई और निर्माण कार्यों पर पूर्ण रोक लगाकर शहर के हरित आवरण को बढ़ाने का भी संकल्प लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित