गरियाबंद/धमतरी , अक्टूबर 03 -- छत्तीसगढ़ के उदंती-सीतानदी बाघ अभयारण्य (यूएसटीआर) में वन्यजीवों के अवैध शिकार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान अवैध-शिकार विरोधी टीम ने ओडिशा के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 13 जिंदा पोटाश बम सहित शिकार में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है। मामले में दो अन्य आरोपी फरार बताए गए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
यूएसटीआर से शनिवार मिली जानकारी के अनुसार अवैध-शिकार विरोधी टीम ने 29 सितंबर को रिसगांव परिक्षेत्र के आरक्षित वन कक्ष क्रमांक 254 और 255 के आसपास छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा से लगे चिखलापानी क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान ओडिशा के नबरंगपुर निवासी नरसिंह और मानसिंह को जंगली सूअर का शिकार करने और उसके शव को काटने के दौरान पकड़ा गया। मौके से 13 जिंदा पोटाश बम सहित शिकार में उपयोग की जाने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई। दो अन्य व्यक्ति मौके से फरार हो गए।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को एक अक्टूबर को नगरी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वन विभाग फरार आरोपियों की तलाश के साथ ही मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रहा है।
यूएसटीआर के मुताबिक जांच के दौरान एक आरोपी से संबंधित परिसर की तलाशी में 29 कारतूस, बम अथवा पटाखा प्रकृति की सामग्री, 20 टिकली पटाखे तथा अलग-अलग मात्रा में संदिग्ध विस्फोटक सामग्री भी बरामद हुई है। इसके बाद जांच का दायरा इस बात तक बढ़ाया गया है कि वन्यजीवों के शिकार में इस्तेमाल हो रही विस्फोटक सामग्री कहां से लाई जा रही है और इसके भंडारण तथा आपूर्ति में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
बाघ अभयारण्य प्रबंधन के अनुसार क्षेत्र में विस्फोटकों का इस्तेमाल कर वन्यजीवों के शिकार से जुड़े मामलों में पूर्व में भी 20 से अधिक लोगों को पकड़ा अथवा हिरासत में लिया जा चुका है। एक पुराने प्रकरण में नगरी क्षेत्र में प्रकाश नेताम से जुड़े परिसर की तलाशी के दौरान संदिग्ध विस्फोटक सामग्री के साथ स्लॉथ बियर (भालू) के 86 पंजे अथवा नाखून बरामद किए जाने की जानकारी भी सामने आई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित