यमुनानगर , सितंबर 09 -- हरियाणा के यमुनानगर जिले में सफाई और अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल बुधवार को 35वें दिन भी जारी है।

हड़ताल को अब 13 सितंबर तक बढ़ा दिया गया है। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा और नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नरेश शास्त्री आज यमुनानगर पहुंचे और हड़ताली कर्मचारियों को संबोधित किया।

मीडिया से बातचीत में नरेश शास्त्री ने कहा कि कर्मचारी बर्खास्तगी और मुकदमे दर्ज करने से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को नियमित करने, खाली पदों पर भर्ती करने और शहीद कर्मचारियों के परिजनों को मुआवजा एवं नौकरी देने तक आंदोलन जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि 2014 में चुनाव से पहले भाजपा ने लिखित में सफाई कर्मचारियों को पक्का करने का वादा किया था, लेकिन आज तक पूरा नहीं किया। सरकार कानूनी अड़चन का हवाला दे रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 48 विधायकों के बहुमत से सरकार बनी है, यदि कानूनी अड़चन है तो नया कानून बनाकर विधानसभा में पास कराकर कर्मचारियों को नियमित किया जा सकता है, लेकिन सरकार नियमित करने की बजाय उत्पीड़न कर दबाना चाहती है। कर्मचारी न डरने वाला है, न झुकने वाला है।

श्री शास्त्री ने कहा कि सरकार महिला और पुरुष कर्मचारियों का उत्पीड़न कर रही है, उन्हें जेल में डाला जा रहा है और मुकदमे दर्ज किये जा रहे हैं, इससे कर्मचारियों में सरकार के खिलाफ गुस्सा बढ़ रहा है।

उन्होंने ड्यूटी के दौरान शहीद हुए रोहित और कुलदीप के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये और परिजन को नौकरी देने, अस्थायी और पैरोल कर्मचारियों को नियमित करने की मांग दोहराई।

उन्होंने मंत्री कृष्ण बेदी के समर्थकों के बयानों की आलोचना करते हुए कहा कि वे बयानबाजी सेबाज आयें और कर्मचारियों को पक्का कराने में सहयोग करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित