पटना , मई 29 -- बिहार में पटना जिले की पुलिस ने बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी के दौरान उत्पाद विभाग की टीम पर हमला किए जाने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुरुवार की संध्या उत्पाद थाना बाढ़ की टीम बख्तियारपुर थाना अंतर्गत ग्राम रानीसराय में अवैध शराब के विरुद्ध छापेमारी करने पहुंची थी।कार्रवाई के दौरान टीम ने तीन व्यक्तियों को नशे की हालत में पकड़कर पूछताछ शुरू की।इसी बीच पकड़े गए लोगों द्वारा शोर मचाने पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। आरोप है कि भीड़ ने उत्पाद विभाग की टीम पर हमला कर पकड़े गए व्यक्तियों को छुड़ाने का प्रयास किया। हमले में उत्पाद थाना की एक बोलेरो गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई तथा छापेमारी दल के तीन सदस्य घायल हो गए, जिनका इलाज चल रहा है।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही बख्तियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

उत्पाद विभाग के आवेदन के आधार पर बख्तियारपुर थाना में मामला दर्ज कर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित