मुरादाबाद , मई 27 -- उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ और गर्मी की छुट्टियों के मद्देनजर 12 प्रमुख ट्रेनों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़ने का निर्णय लिया है। इससे विभिन्न रूटों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को आरक्षण और बर्थ उपलब्धता में राहत मिलने की उम्मीद है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बुधवार को बताया कि अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाए जाने से यात्रियों की यात्रा अधिक सुविधाजनक और आरामदायक हो सकेगी। उन्होंने बताया कि गाड़ी संख्या 04008 आनंद विहार टर्मिनस-जोगबनी एक्सप्रेस में 30 मई को तथा वापसी में गाड़ी संख्या 04007 जोगबनी-आनंद विहार टर्मिनस एक्सप्रेस में 31 मई को एक-एक अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाया जाएगा। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 14207 मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़-दिल्ली एक्सप्रेस में 6 जून से 12 जून तक तथा गाड़ी संख्या 14208 दिल्ली-मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ एक्सप्रेस में 9 जून से 15 जून तक एक-एक अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़ा जाएगा।

रेल प्रशासन के अनुसार गाड़ी संख्या 14205 अयोध्या कैंट-दिल्ली एक्सप्रेस में 8 जून से 14 जून तक तथा गाड़ी संख्या 14206 दिल्ली-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस में 7 जून से 13 जून तक अतिरिक्त स्लीपर कोच उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा वाराणसी-बरेली रूट पर संचालित गाड़ी संख्या 14235 वाराणसी-बरेली एक्सप्रेस में 5 जून से 7 जून तक तथा गाड़ी संख्या 14236 बरेली-वाराणसी एक्सप्रेस में 6 जून से 8 जून तक एक-एक अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाया जाएगा।

महेश यादव ने बताया कि यात्रियों की मांग को देखते हुए गाड़ी संख्या 22420 आनंद विहार टर्मिनस-गाजीपुर सिटी एक्सप्रेस में 6 जून से 11 जून तक तथा गाड़ी संख्या 22419 गाजीपुर सिटी-आनंद विहार टर्मिनस एक्सप्रेस में 7 जून से 12 जून तक अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़े जाएंगे।

इसके अतिरिक्त गाड़ी संख्या 14308 बरेली-प्रयागराज संगम एक्सप्रेस में 6 जून को तथा वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 14307 प्रयागराज संगम-बरेली एक्सप्रेस में 9 जून को एक-एक अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित